खनुआ। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के खनुआ गांव में दहेज के लिए विवाहिता उम्मे साहिबा की हत्या के चार आरोपियों को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सोमवार को घटी इस घटना के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या और घरेलू हिंसा की धारा में पति, सास, ससुर, ननद, देवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को खनुआ गांव में अफसर उर्फ राज शाह की पत्नी उम्मे साहिबा की जलकर मौत हो गई थी। मामले में मृतका उम्मे साहिबा के भाई अहमद निवासी कोल्हुई ने बहन के ससुराल पक्ष के लोगों पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस तहरीर के आधार पर पति अफसर उर्फ राजशाह, सास साकिया खातून, ससुर नईम शाह, देवर राहुल शाह व ननद के खिलाफ दहेज के लिए हत्या, घरेलू हिंसा आदि सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने बुधवार को सुबह हरदीडाली डंडा नदी पुल के पास से अफसर उर्फ राजशाह, साकिया खातून, नईम व राहुल शाह को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय ने जेल भेज दिया है। एसओ सोनौली महेंद्र मिश्रा ने बताया कि अफसर उर्फ राज शाह, नईम शाह, साकिया खातुन, राहुल शाह को गिरफ्तार कर न्यायालय प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय ने जेल भेज दिया है। संवाद