सोनौली। नेपाल के डोल्पा जिला कारागार से सुरंग खोदकर छह कैदियों के फरार होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। कैदियों के भारत की ओर भागने की आशंका को देखते हुए बेलहिया समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में नेपाल पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। शुक्रवार रात हुई इस घटना का खुलासा शनिवार सुबह कैदियों की गिनती के दौरान हुआ। पुलिस फरार कैदियों की तलाश के साथ जेल से भागने के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैदियों ने जेल के भीतर से करीब चार मीटर लंबी सुरंग खोदकर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। शनिवार सुबह करीब छह बजे नियमित गिनती के दौरान छह कैदी कम मिले तो जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान सुरंग के रास्ते कैदियों के फरार होने की जानकारी सामने आई। पुलिस जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
डोल्पा की प्रमुख जिला अधिकारी जुनु हमाल ढकाल के अनुसार, सुबह कैदियों की गिनती के दौरान संख्या कम मिलने पर घटना का पता चला। वहीं, जिला पुलिस कार्यालय डोल्पा के डीएसपी अनिलराज गिरी ने बताया कि कैदी किस समय फरार हुए, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। फरार छह लोगों में चार कैदी चोरी और दुष्कर्म के मामलों में बंद थे, जबकि दो विचाराधीन बंदी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस फरार लोगों की तलाश में जुटी है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों के फरार होने में संभावित चूक की भी जांच की जा रही है। कैदियों के फरार होने के बाद भारत की ओर भागने की आशंका को ध्यान में रखते हुए नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है।