महराजगंज। बरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम हरपुर में जमीन के सीमांकन के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शैलेंद्र कुमार पाठक ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 27 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे उनके भतीजों विपिन पाठक व विवेक पाठक ने तीन डिसमिल जमीन शनिदेव प्रजापति को बेची थी। जमीन का सीमांकन लेखपाल की ओर से कराकर पिलर गाड़ दिए गए थे। इसी दौरान आरोप है कि रिंकू मिश्रा व विपिन मिश्रा मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पिलर उखाड़कर फेंक दिए। विरोध करने पर दोनों आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। जब शनिदेव प्रजापति जान बचाकर उनके घर पहुंचे तो शैलेंद्र पाठक, उनके पिता अवनेन्द्र पाठक व चाचा अरविंद पाठक मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया लेकिन आरोपितों ने लाठी-डंडा व बेल्चा से हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए गांव के बुद्धिसागर पाठक को भी आरोपियों ने पीट दिया। मारपीट में चार लोग घायल हुए हैं। घटना के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष बरगदवां ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रिंकू मिश्रा और विपिन मिश्रा निवासी हरपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।