महराजगंज। जिले में अगल-अलग सड़क हादसों में चार की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। कुछ का जिला अस्पताल तो कुछ का मेडिकल काॅलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिठौरा/सिंदुरिया प्रतिनिधि के अनुसार, सिंदुरिया क्षेत्र के कुईयां कंचनपुर निवासी 25 वर्षीय जगरनाथ शुक्रवार की रात करीब नौ बजे बाइक से अपने दोस्त धीरज व राजन के साथ मोहनापुर में आयोजित दशहरा मेला देखने जा रहे थे। मोहनापुर के रखवना टोला के पास बड़हरामीर निवासी इंद्रावती (48) अपनी बेटी नीतू, अर्पिता, नाती सन्नी तथा पड़ोसी गोपी के साथ पैदल मोहनापुर मेला देखने जा रही थीं। बाइक सवार व पैदल जा रहे लोग एक वाहन की चपेट में आ गए।
हादसे में जगरनाथ व इंद्रावती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीतू, अर्पिता, आंचल, राजवीर, सन्नी, धीरज व राजन गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में पैदल जा रहे बड़हरामीर निवासी गोपी के सिर में गंभीर चोट लग गई। घायलों को ग्रामीणों की मदद से महराजगंज स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के अनुसार, दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शिकारपुर प्रतिनिधि के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गौनरिया बाबू निवासी सूरज यादव गांव के आदर्श के साथ घुघली दुर्गा पूजा मेला देखने बाइक से गया था। वहां से वापस अपने घर गौनरिया बाबू आ रहा था। इसी दौरान रात्रि में करीब 12.30 बजे बरवाखुर्द नहर से 200 मीटर आगे शिकारपुर की तरफ से आ रहे ऑटो चालक ने बाइक में ठोकर मार दिया। हादसे में बाइक सवार आदर्श व सूरज यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने सूरज को मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल काॅलेज ले जाते समय सूरज यादव की मृत्यु हो गई। घुघली थानाध्यक्ष रामचरन सरोज के अनुसार मृतक के पिता रामनरेश की तहरीर पर ऑटो चालक के विरुद्ध केस दर्ज हुआ है।
ट्रक की चपेट में आकर महिला की गई जान
महराजगंज। श्यामदेउरवां क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के पिपराइच मार्ग पर ट्रक की चपेट में आई एक महिला की मौत हो गई। श्यामदेउरवां क्षेत्र के पुरैना निवासी शकुंतला गांव के ही दो लोगों के साथ परतावल बाजार में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का दर्शन करने गई थी। मेला घूमने के बाद रात लगभग 10:30 बजे सभी लोग घर वापस जा रहे थे कि नवीन मंडी स्थल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दिया, जिससे शकुंतला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उसे सीएचसी परतावल पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल काॅलेज में इलाज के बाद भी सुधार न होने पर परिजन उसे कहीं और ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक सहित ट्रक को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद
गम में डूबे लोग, घरों में नहीं जले चूल्हे
सिंदुरिया। मोहनापुर में शुक्रवार की रात दुर्घटना में दो लोगों की मौत व नौ लोगों के घायल हो जाने से दोनों गांवों में दूसरे दिन शनिवार को भी गम का माहौल छाया रहा। मृतक जगरनाथ व इंद्रावती के गांव के दर्जनों घरों में दूसरे दिन भी चूल्हे नहीं जले। कुईयां कंचनपुर निवासी जगरनाथ के घर कि माली हालत ठीक नहीं है। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। उसके पिता मोची हैं और वह बाइक मिस्त्री था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इसी तरह बड़हरामीर टोला भरवलिया निवासी इंद्रावती पति महेश संग मजदूरी कर बच्चों की भरण पोषण करती थी। उसके तीन बच्चे हैं जिसमें एक बेटा व दो बेटियां हैं। जिसमें दोनों बेटियां अस्पताल में भर्ती हैं और होश आने पर मां के मौत की सूचना पर दहाड़ मार कर रोने लगीं। संवाद