लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर–समरधीरा मार्ग पर हरैया रघुवीर चौराहे के पास रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक वर्षीय मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें एक बाइक चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मानिक तलाव निवासी राजकुमार उर्फ सुक्खू (50), कोटकम्हरिया निवासी अर्जुन पुत्र बसंत, काजल पत्नी शैलेश और उनका एक वर्षीय पुत्र रुद्राक्ष हादसे में घायल हुए हैं। राजकुमार समरधीरा से बाइक से अकेले लक्ष्मीपुर जा रहे थे जबकि अर्जुन कोटकम्हरिया से समरधीरा की तरफ जा रहे थे। अर्जुन के बाइक पर काजल और रुद्राक्ष बैठे थे।
हादसे में राजकुमार उर्फ सुक्खू को गंभीर चोटें आईं। उनके नाक से खून निकलने तथा एक पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल राजकुमार को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का सीएचसी लक्ष्मीपुर में उपचार किया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं इस बाबत थानाध्यक्ष पुरंदरपुर गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति के पैर में काफी चोट लगी है और उसका उपचार कराया जा रहा है। घायल की हालत वर्तमान में ठीक है।