महराजगंज जिले में साथी का जन्मदिन मनाने निचलौल जा रहे बाइक सवार चार युवकों को मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसा निचलौल थाना क्षेत्र के निचलौल-गोरखपुर हाईवे पर दमकी गांव के पास हुआ। टक्कर में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में पुलिस चारों को इलाज के लिए निचलौल सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही चारों के घरों में हाहाकार मच गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, निचलौल थाना क्षेत्र के पचमा गांव निवासी रामकयास के 22 वर्षीय पुत्र सन्नी का मंगलवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए उसके खानदान के ही संतोष के पुत्र 20 वर्षीय विवेक और 18 वर्षीय शिव व व्यास के 19 वर्षीय पुत्र किशन उसके साथ बाइक से निचलौल के लिए निकले थे।
मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे चारों बाइक सवार अपने घर से करीब पांच किलोमीटर दूर निचलौल थाना क्षेत्र के निचलौल-गोरखपुर हाईवे पर दमकी गांव के पास पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
टक्कर मारने के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान डंपर सड़क किनारे एक गड्ढे में चला गया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायल युवकों को इलाज के लिए निचलौल सीएचसी ले गई। वहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।