कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार देर रात बरातियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परछावन के दौरान डीजे पर डांस को लेकर कुछ अराजक तत्वों से बरातियों का विवाद हो गया। अराजक तत्व बरातियों के साथ मारपीट करने लगे।
जानकारी के अनुसार, पिपरा परसौनी निवासी खुन्नूर गौड़ के लड़के की बरात कुशहा गांव जा रही थी। परछावन कार्यक्रम के दौरान डीजे पर बराती डांस कर रहे थे। इसी बीच कुछ अराजक तत्व बरातियों की भीड़ में घुसकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोल्हुई पुलिस ने हालात को काबू में किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही चार आरोपियों मुकेश, दुर्गेश, साहिल व एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ कोल्हुई अखिलेश सिंह ने बताया कि बरात में मारपीट करने वाले चार आरोपी पकड़े गए हैं। सभी आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया जा रहा है।