‘वनग्रामों में तेजी से हो विकास’
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के वनटांगिया व मुसहर ग्रामों के विकास के बारे में चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन गांवों का निरीक्षण कर विकास कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने संबंधित गांवों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार की हिदायत भी दी। आगाह किया कि विकास कार्यों लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मुसहर व वनटांगिया निवासी लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की हिदायत दी। बैठक में सीडीओ राम सिंहासन प्रेम, पीडब्ल्यूड के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार, जिलापूर्ति अधिकारी गौरी शंकर शुक्ला आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में सीडीओ राम सिंहासन प्रेम ने मंगलवार को पांच वनटांगिया गांवों का निरीक्षण किया। इसमें कम्पार्टमेट 24, 26, 28 हथियहवां आदि गांवों में स्वास्थ्य, पशु टीकाकरण, मुख्यमंत्री आवास, आंगनबाड़ी, शिक्षा, पेंशन, मनरेगा आदि के तहत हुए कार्यों की जांच की। समाज कल्याण अधिकारी को उन्होंने वनटांगिया गांवों के पात्र लोगों को पेंशन संबंधी योजनाओं का निर्धारित प्रारूप में आवेदन कराकर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।