चौक बाजार। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के दक्षिणी चौक रेंज के नाथनगर बीट स्थित बड़हरा राजा में बृहस्पतिवार को वन विभाग की टीम ने अचानक निरीक्षण किया। दक्षिणी चौक रेंज का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे वन क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और फर्नीचर की दुकान का गहन निरीक्षण किया।
वन क्षेत्राधिकारी ने दुकान संचालक से लकड़ी के स्रोत, खरीद-बिक्री और स्टॉक से जुड़ी विस्तृत जानकारी हासिल की। दुकान में मौजूद रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की। संदिग्ध प्रविष्टियों की पुष्टि के लिए विभाग ने रजिस्टर को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय भेज दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के फर्नीचर कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वन क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि वन विभाग बिना परमिट लकड़ी कटान और उसके अवैध उपयोग के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है और बड़हरा राजा में की गई जांच उसी अभियान का हिस्सा है।