नेपाल सशस्त्र पुलिस ने बेलहिया के गोदामों में की छापेमारी
सोनौली। नेपाल सीमा से सटे बेलहिया कस्बे में बुधवार को नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान भारत में तस्करी के लिए अवैध रूप से गोदामों में रखे गए भारी मात्रा में विदेशी सामान बरामद करके सीज कर दिया गया। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 41.32 लाख नेपाली रुपये बताई गई है। आगे की जांच के लिए जब्त सामान को भैरहवा भंसार (कस्टम) कार्यालय को सौंप दिया गया है।
मामले में प्रेस वार्ता करके डीएसपी कृष्ण कुमार चंद ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली थी कि सोनौली सीमा से सटे बेलहिया कस्बे के कई अवैध गोदामों में आयातित सामान डंप कर रखा गया है, जिसे तस्करी के जरिए भारत भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर सशस्त्र पुलिस बल नेपाल की 27वीं बटालियन मुख्यालय रूपनदेही, भैरहवा भंसार कार्यालय और बेलहिया कस्टम की संयुक्त टीम ने छापा मारा।
संयुक्त टीम ने सिद्धार्थनगर नगरपालिका के बेलहिया वार्ड नंबर-1 स्थित कोथाहिमाई मार्ग पर संदिग्ध गोदामों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीमा शुल्क चोरी करके रखे गए विभिन्न प्रकार के सामान बरामद हुए। जब्त सामान में 53 बोरा तरबूज के बीज, 227 बोरा अखरोट, 38 बोरा मक्का और 44 कार्टन टूथ पेस्ट शामिल हैं। बरामद सामान को सीज कर भैरहवा भंसार कार्यालय को अग्रिम कार्रवाई और जांच के लिए सौंप दिया गया है।