250 किलोग्राम मक्का और 490 किलोग्राम किशमिश किया गया बरामद
सोनौली। स्थानीय कस्बे के मंगल बाजार के पास एसएसबी 22वीं वाहिनी ने नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहा विदेशी मक्का और किशमिश बरामद किया। बरामद सामान को कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है।
शुक्रवार रात एसएसबी को सूचना मिला कि नेपाल से तस्करी कर सामान लाया गया है और मंगल बाजार के पास एकत्रित कर भारत के महानगरों में भेजने की तैयारी है। सूचना पाकर सशस्त्र सीमा बल 22वीं वाहिनी की टीम ने मंगल मार्केट सीमा स्तंभ संख्या-517/1 से लगभग 200 मीटर भारत की तरफ जांच की तो 25 किलोग्राम प्रति बोरी का 10 बोरी मक्का और किशमिश 49 गत्ता मिला। प्रत्येक गत्ते का वजन 10 किलोग्राम और कुल किशमिश का वजन 490 किलोग्राम है।
एसएसबी असिस्टेंट कमांडेट सी विवेक ने बताया कि बरामद सामान 250 किलोग्राम मक्का और 490 किलोग्राम किशमिश को मौके पर ही जब्ती पत्र बनाकर सीमा शुल्क कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द किया गया।