निचलौल। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी पर किराना दुकानदारों से रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं पंचायती राज समिति के अध्यक्ष प्रेम सागर पटेल ने खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त को पत्र भेजा है। विधायक ने मामले को गंभीर बताते हुए निचलौल क्षेत्र में तैनात खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह का स्थानांतरण किए जाने की मांग की है।
आयुक्त को भेजे पत्र में विधायक ने राजू जायसवाल समेत अन्य किराना व्यवसायियों के संगठन, कस्बा निचलौल की ओर से दिए गए संयुक्त प्रार्थना पत्र का हवाला दिया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी दुकानदारों से सामान और सैंपलिंग के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगते हैं। आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर कार्रवाई करने की धमकी दी जाती है और किराना व्यवसायियों को मानसिक रूप से परेशान किया जाता है।