सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
गोरखपुर के शाहपुर का निवासी है अमरजीत
कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर पंडित के पास बुधवार को नाले में एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक मंगलवार को अपने ससुराल रायपुर पंडित आया हुआ था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात में करीब आठ बजे ससुराल वालों से विवाद के बाद युवक बाइक लेकर निकल गया था। बुधवार की सुबह रायपुर पंडित गांव के बगल से होकर बहने वाले नाले में शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अमरजीत भारतीय (35) निवासी घोसीपुरवा थाना शाहपुर जिला गोरखपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमरजीत रायपुर पंडित स्थित अपनी ससुराल आया हुआ था। युवक की मौत नाले में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन में जुटी है।
इस बाबत थानाध्यक्ष कोल्हुई गौरव सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल की जा रही है।
पूरी रात पुल पर खड़ी रही बाइक
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात से नाले के पुल पर खड़ी बाइक देख बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पुरन्दरपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर थाने चली गई। करीब तीन घंटे बाद कोल्हुई पुलिस को जानकारी मिली कि नाले में एक अज्ञात शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही तत्काल हरकत में आई कोल्हुई पुलिस ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। साथ ही मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड की मदद से युवक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया अमरजीत कि घर से ससुराल गया हुआ था। कैसे और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई, यह जांच पड़ताल के बाद ही सामने आएगा। शव मिलने के कुछ देर बाद ससुराल के लोग वहां पहुंचे। पत्नी सोनी ने मौके पर जाकर अपने पति के रूप पहचान की है। बताया जा रहा है कि अमरजीत की दो बच्चियां हैं। घटना को लेकर मृतक की पत्नी, ससुरालियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।