महराजगंज/निचलौल। जिले के भारत नेपाल बाॅर्डर से सटे सीमावर्ती गांवों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पांच गांवों को चयनित किया गया है। इनमें तीन गांव निचलौल ब्लॉक और दो नौतनवा ब्लॉक के शामिल हैं। इनमें मॉडल परियोजना के तहत पर्यटन का विकास किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट की ओर से इन गांवों को चिह्नित कर निदेशक पर्यटन को पत्र भेजा गया। पत्र के मुताबिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मॉडल परियोजना के तहत जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के पांच गांवों को चिह्नित कर वहां पर पर्यटकों के रहने के लिए 10 घर तैयार करने के साथ ही इन गांवों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए 12 सितंबर को निदेशक पर्यटन को पत्र भेजा गया था।
इन चिह्नित गांवों में निचलौल ब्लॉक के गांव भेड़यारी से सटे दर्शनीय स्थल टेलफॉल और दर्जिनिया ताल, ईटहिया से सटे दर्शनीय स्थल पंचमुखी शिव मंदिर ईटहिया और गिरहिया से सटे दर्शनीय स्थल ईटहिया शिव मंदिर और झूलनीपुर बैराज के साथ ही नौतनवा ब्लॉक के तरैनी और चंडीथान से सटे दर्शनीय स्थल बनैलिया माता मंदिर शामिल है। वहीं लोगों का मानना है कि इन गांवों को पर्यटन के रूप में विकसित करने से गांवों का विकास के साथ ही लोगों को रोजगार मुहैया होगी।