जूनियर हाईस्कूल में पटाखा की खरीदारी करते लोग-संवाद
संतकबीरनगर। शहर के जूनियर हाईस्कूल परिसर में पटाखा बिक्री के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किया गया है। इसके तहत दुकानें सज गई हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी दुकानदारों ने ड्रम में पानी और बोरी में बालू रखी है। साथ ही अग्निमशन यंत्र भी रखा गया है। दमकल की गाड़ी पटाखा स्थल के बाहर खड़ी है ताकि कोई घटना होने पर तत्काल काबू किया जा सके।
दीपावली पर पटाखे की डिमांड ज्यादा होती है। ऐसे में प्रशासन से पटाखा कारोबारियों को लाइसेंस लेना होता है। खलीलाबाद में 80 लाइसेंस तो मेंहदावल में 35 लाइसेंस जारी हुआ है। जबकि धनघटा से लाइसेंस का आवेदन न होने के चलते जारी नहीं हो सका है। खलीलाबाद के जूनियर हाईस्कूल में पटाखा बिक्री के लिए चयनित किया गया है। जहां पर दुकानें सज गई है और लोग खरीदारी में जुटे हुए है।
अग्निशमन विभाग ने हर पटाखा दुकानदार को बालू, पानी भरा ड्रम आदि रखने का निर्देश दिया है। लाइसेंस जारी करते समय नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। रविवार को पटाखा स्थल पर हर दुकानों के पास ड्रम में पानी रखा हुआ मिला। इसी तरह से बालू भी मिला। ज्यादातर दुकानदारों ने अग्निशमन यंत्र भी रखा था। अग्निशमन विभाग के अधिकारी लगातार पटाखा स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और दुकानदारों को हिदायत दे रहे हैं।
-
स्कूल परिसर में 24 घंटे रहेगी दमकल की गाड़ी
दमकल की एक गाड़ी जूनियर हाईस्कूल में खड़ी कर दी गई है। उसमें चार कर्मी तैनात हैं। साथ ही अगर कोई घटना होती है तो अग्निशमन विभाग से अन्य दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंच जाएंगी। कुल पांच गाड़ियां अग्निशमन विभाग के पास मौजूद हैं।
कोट
पटाखा स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। हर दुकानदार को पानी के साथ बालू रखने को कहा गया है। साथ ही अग्निशमन यंत्र भी रखा गया है।
-अशोक यादव, अग्निशमन अधिकारी