सिंदुरिया। स्थानीय चौराहे पर शुक्रवार को महाराजगंज डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस के टायर में अचानक आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बस महाराजगंज से ठूठीबारी जा रही थी। सिंदुरिया चौराहे पर पहुंचते ही बस के बाएं टायर से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में टायर में आग लग गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम और थानाध्यक्ष अनूप तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने बताया कि बस के टायर में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।