महराजगंज। धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने सीओ सदर अंकुर गौतम और कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस टीम ने नगर तिराहे से मऊपाकड़ तक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया। एएसपी ने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि त्योहारों पर बाजारों में भीड़ बढ़ने से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में लोग यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।