एटीएम में आग लगने के बाद लगी भीड़।
मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
वॉल फैन में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा आग का कारण, मशीनें सुरक्षित
नौतनवा। स्टेशन चौराहा के निकट स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से बृहस्पतिवार की शाम एकाएक आग और धुआं निकलता देख अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। अंदर धन निकासी कर रही युवती ने भागकर किसी तरह जान बचाई। मौके पर जुटे लोगों ने घटना की सूचना दमकल एवं पुलिसकर्मियों को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव, चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता, दमकल कर्मी एवं बैंक के स्थानीय अधिकारी व कर्मचारी तत्काल एटीएम पर पहुंचे। लोगों की मदद से आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। गनीमत रहा कि एटीएम में लगी मशीनों के आग की चपेट में आने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि एटीएम के अंदर लगे वॉल फैन में शॉर्ट-सर्किट होने से अचानक आग लग गई थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच आग पर काबू पा लिया गया। एटीएम में लगी मशीनें सुरक्षित हैं।