फर्जी फेसबुक-इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वायरल करने का आरोप
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र की एक युवती ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराया है। युवती ने फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
युवती ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर तथा इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान का दुरुपयोग करते हुए आपत्तिजनक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। आरोप है कि उक्त व्यक्ति द्वारा उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही हैं, जिससे उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़िता ने साइबर क्राइम थाना में तहरीर देकर मामले की जांच कराने तथा दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।