ई-पॉस पर अंगूठा लगवाकर राशन का वितरण दिखाने का आरोप
मिठौरा। विकास खंड की ग्राम पंचायत दरहटा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में कथित अनियमितता का मामले पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बुधवार को पंचायत भवन पर ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का आरोप है कि अप्रैल, मई और जून माह का खाद्यान्न दिए बिना ही ई-पॉस मशीन पर उनका अंगूठा लगवाकर रिकॉर्ड में वितरण दर्शा दिया गया। जबकि वास्तविकता यह है कि उन्हें उक्त महीनों का राशन नहीं मिला। इससे अंत्योदय और बीपीएल कार्डधारक गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट उत्पन्न हो गया।
इसी को लेकर बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण पंचायत भवन पहुंच गए और कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक तीन माह का बकाया राशन नहीं मिलेगा तब तक वे जुलाई माह के राशन के लिए अंगूठा नहीं लगाएंगे। उनका कहना है कि पहले पुराने राशन का हिसाब दिया जाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटेदार संतोष मद्धेशिया ने तीन माह का राशन वितरण किए बिना ही उसे रिकॉर्ड में वितरित दर्शा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य पूर्ति निरीक्षक बालेश्वर मणि त्रिपाठी ने जांच के निर्देश दिए थे जांच के बाद शुक्रवार को पूर्ति निरीक्षक की लिखित तहरीर पर चौक पुलिस ने संबंधित कोटेदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया की लिखित तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।