बृजमनगंज थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी, युवक महिला पर शादी के बाद भी पहले की तरह संबंध रखने का बना रहा था दबाव
फरेंदा। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के एक युवक पर कोल्हुई थाना क्षेत्र की महिला ने अश्लील वीडियो वायरल करने व उलाहना देने पर परिजन के साथ मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर बृजमनगंज पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
महिला के अनुसार, उसकी शादी कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसका मायका पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में है। शादी से पहले बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहड़ा टोला हरदयालजोत निवासी एक युवक से संपर्क में थी। शादी के बाद भी युवक उस पर पहले जैसा संपर्क रखने का दबाव बनाने लगा और मना करने पर सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो व आपत्तिजनक पोस्ट करने लगा।
इसके बाद उसके पति और मायके वालों ने घर से निकाल दिया। आरोप है कि सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो के बारे में उलाहना देने युवक के घर गई तो युवक की मां, बड़ी मां और एक अन्य युवक ने उसके साथ लात-मुक्कों से मारपीट की और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि महिला के तहरीर के आधार पर ग्राम पंचायत लेहड़ा के हरदयालजोत निवासी युवक राकेश सहित कुल चार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।