फरेंदा। थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव में रास्ते की मिट्टी हटाने को लेकर हुए विवाद में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट व अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित ने आरोपियों पर कुदाल से हमला कर पैर तोड़ने और लाठी-डंडों से पीटने का गंभीर आरोप लगाया है।
पोखरभिंडा गांव निवासी दिनेश कुमार के अनुसार, उनके मकान के उत्तर दिशा में करीब 10 फीट चौड़ा रास्ता है, जिस पर आवागमन सुगम बनाने के लिए उन्होंने मिट्टी डलवाकर उसे ऊंचा कराया था।
पीड़ित का आरोप है कि 12 जून की सुबह करीब आठ बजे गांव के ही श्रीराम, मुकेश, अवतार और श्रीराम की पत्नी बेलावती रास्ते की मिट्टी खोदकर हटाने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि श्रीराम ने कुदाल से उनके दाहिने पैर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद अन्य आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों और लात-मुक्कों से उनकी पिटाई की।
दिनेश कुमार का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने फरेंदा थाने में प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक, महराजगंज को भी शिकायती पत्र सौंपा, पर वहां से भी न्याय न मिलने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर श्रीराम, मुकेश, अवतार और बेलावती के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।