12 मई को कार की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटा हो गए थे घायल
सिंदुरिया। 12 मई को चिउटहा चौराहे पर कार की टक्कर से घायल बाइक सवार महिला की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे में ग्राम बोदवार थाना कप्तानगंज, जिला कुशीनगर मां-बेटे घायल हो गए थे। महिला के पति सुबास पासवान की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया।
मृतका के पति सुबाष पासवान ने तहरीर में बताया है कि बीते 12 मई को सुबह समय करीब 5.25 बजे मेरा छोटा बेटा अजय पासवान अपनी मां फूलमती को लेकर बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। अभी वह चिउटहां मेन चौराहे के पास पहुंचा ही था कि कार चालक चालक सहादत निवासी चिउटहां थाना सिंदुरिया ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे मेरी पत्नी और बेटे को प्राणघातक चोटें आईं। दोनों को तुरंत सीएचसी सिसवा बाजार ले जाया गया, जहां हालत गम्भीर देख प्राथमिक उपचार कर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मैं दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गया। वहां भी डॉक्टर ने मेरी पत्नी फूलमती की हालत नाजुक देख बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मेरी पत्नी की उसी दिन दोपहर में मौत हो गई और मेरे बेटे अजय का इलाज अभी भी जारी है। एसओ सिंदुरिया विशाल शुक्ला ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद