ननद की शादी तय होने के बाद ससुरालियों ने पांच लाख रुपये मांगे
भिटौली। नंदना खास निवासिनी किरन ने घुघली थाने में तहरीर देकर पति और ससुरालियों पर मारने-पीटने एवं दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है।
विवाहिता ने तहरीर में लिखा है कि निचलौल थाना क्षेत्र के कोहडवल टोला सिसवा डीह मेें मेरी शादी 2021 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग कम दहेज मिलने की शिकायत करने लगे। इसी बात को लेकर विगत एक वर्ष से पति मृत्युंजय शारीरिक एवं मानसिक रूप से उत्पीड़ित कर रहे थे। ननद पूजा की शादी तय होने के बाद मेरे ससुर पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की डिमांड कर रहे हैं।
मैंने अपने पिता से रुपया मांगने में असमर्थता जताई तो ससुराल के लोगों ने मुझे बुरी तरह से मारा-पीटा और घर से निकाल दिया। पीड़िता का कहना है कि फरवरी महीने में मैं अपनी ससुराल में थी। ससुराल के सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि पूजा की शादी तय हो गई है। कम से कम पांच लाख रुपये की व्यवस्था करवा दो, नहीं तो हम तुम्हें घर में नहीं रहने देंगे। इसी बात को लेकर सभी ने 13 फरवरी को मुझे बुरी तरह से मारपीट कर घर से निकाल दिया।
एसओ कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर उसके पति मृत्युंजय भारती, ससुर रामप्रीत, सास उर्मिला देवी, पूजा, अंगिरा देवी एवं शशि कला, देवर विकास पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संवाद