महराजगंज। सड़क दुर्घटना में घायल शिवनगर हनुमानगढ़ी निवासी एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्ञानेश्वर कुमार ने बताया कि उनके पिता केदारनाथ द्विवेदी और माता सत्यभामा द्विवेदी 29 जून की सुबह करीब 4:51 बजे टहलकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि एक मोबाइल की दुकान के सामने पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पहले गोरखपुर के एक निजी अस्पताल और फिर लखनऊ के अस्पताल में उपचार चला। सात जुलाई को इलाज के दौरान केदारनाथ द्विवेदी की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी सत्यभामा द्विवेदी का उपचार अभी भी निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना के लगभग तीन सप्ताह बाद मृतक के पुत्र ने कोतवाली में तहरीर देकर पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद