भिटौली। स्थानीय पुलिस ने नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम मिठौरा जंगल निवासी एक महिला ने 20 जुलाई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 16 वर्षीया पुत्री को गांव का ही मजहर अली अंसारी शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बुधवार को मिठौरा जंगल-लक्ष्मीपुर देउरवा मार्ग स्थित पुलिया के पास से आरोपी मजहर अली अंसारी (22) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार का न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।