महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के व्यक्ति ने अपनी 22 वर्षीय पुत्री को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यक्ति ने बताया कि उनकी पुत्री जिला संयुक्त चिकित्सालय के सामने स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पिछले करीब तीन महीने से कंप्यूटर से जुड़ा कार्य करती थी। वह प्रतिदिन शाम करीब पांच बजे घर लौट आती थी। आरोप है कि 10 अगस्त को वह शाम तक घर नहीं पहुंची। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
उन्होंने बताया कि कासिम नामक युवक अपने मौसा-मौसी के घर धनेवा-धनेई के बंजारा टोला में रहता है। आरोप है कि वह कुछ समय से शादी का झांसा देकर अश्लील हरकत करता था। इसकी जानकारी युवती ने अपने पिता को दी थी। इसके बाद परिजन ने कासिम को डांट-फटकार कर चेतावनी दी थी।
पिता ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त को कासिम ने अपने तीन मौसेरे भाइयों और मौसा-मौसी की मदद से उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा दिया और करीब साढ़े चार बजे उसे कहीं लेकर फरार हो गया। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर युवती की बरामदगी और विधिक कार्रवाई की मांग की।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया की तहरीर के आधार पर आरोपी कासिम निवासी धनेवा-धनेई के बंजारा टोला व तीन मौसेरे भाइयों और मौसा-मौसी पता अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।