फरेंदा निवासी महिला ने तीन-चार लोगों के साथ भूलवश की थी शिक्षक की पिटाई, सुलह के बाद भी अपलोड कर रही वीडियो
शिक्षक ने उप पुलिस महानिरीक्षक साइबर क्राइम, गोरखपुर रेंज को तहरीर देकर सोशल मीडिया से वीडियो हटाने की मांग की
महराजगंज। फरेंदा बाजार में एक शिक्षक के साथ मारपीट का झूठा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुलहनामा के बावजूद बार-बार वीडियो अपलोड किया जा रहा है। संजय कुमार राय, निवासी ग्राम गोपालपुर, जनपद गोरखपुर ने इस संबंध में उप पुलिस महानिरीक्षक साइबर क्राइम, गोरखपुर रेंज को तहरीर देकर उक्त वीडियो सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म से तुरंत हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, तीन दिसंबर 2025 को संजय कुमार राय सब्जी खरीदने बाजार गए थे। तभी भीड़ में अचानक गीता निषाद, निवासी बारातगाढ़ा टोला सर्वजीतपुर, थाना फरेंदा ने उन्हें भूलवश पकड़ लिया और अपशब्द कहते हुए मारने-पीटने लगी। इस घटना में उसके साथ 3-4 अन्य लोग भी शामिल थे। गीता निषाद ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और बिना जांच के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर दिया। बाद में जब गीता निषाद को पता चला कि संजय कुमार राय निर्दोष हैं तो दोनों पक्षों में आपसी सहमति से सात दिसंबर 2025 को सुलहनामा हुआ। अगले दिन आठ दिसंबर 2025 को गीता निषाद ने शपथ पत्र पर लिखित रूप से माना कि संजय निर्दोष हैं, वह भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराएगी और सारा वीडियो डिलीट कर दिया जाएगा।
उसी दिन गीता निषाद ने वीडियो दोबारा अपलोड कर दिया। संजय कुमार राय ने तुरंत साइबर थाना प्रभारी को सूचना दी। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में 24 दिसंबर 2025, 16 जनवरी 2026 और 7 फरवरी 2026 को विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट्स पर वीडियो फिर से अपलोड किया गया। संजय ने बार-बार साइबर थाना में शिकायत की लेकिन निराशा ही हाथ लगी। अकाउंट बंद नहीं हुए और वीडियो भी नहीं हटाया गया।
अंत में विवश होकर संजय कुमार राय ने 14 फरवरी 2026 को उप पुलिस महानिरीक्षक साइबर क्राइम गोरखपुर रेंज को तहरीर देकर निवेदन किया कि उक्त आपत्तिजनक वीडियो सभी सोशल मीडिया से तुरंत हटवाया जाए और दोषी गीता निषाद व अन्य सहयोगियों के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी गीता निषाद व चार अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।