महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के परसा दयाराम निवासी रेहाना खातून ने अपने पति सलामुद्दीन और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुक्रवार को पति सहित आठ लोगों पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस अधीक्षक को सौंपी शिकायती पत्र में रेहाना ने बताया कि उनकी शादी 25 मार्च 2014 में कोल्हुई थाना क्षेत्र के विश्रामपुर निवासी सलामुद्दीन के साथ हुई थी। शादी में उनके पिता ने कर्ज लेकर पांच लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण, बेड आदि दहेज के रूप में दिए थे।
शादी के एक महीने बाद ही सलामुद्दीन सऊदी अरब चले गए। इसके बाद ससुर हनीफ, सास सलीमुन, जेठ अलाउद्दीन, जेठानी, देवर नजबुद्दीन और नसीरुद्दीन तथा ननद साजिदा खातून ने रेहाना का उत्पीड़न शुरू कर दिया। वे चार पहिया गाड़ी की मांग करते हुए मारपीट करने लगे।
20 जनवरी 2026 को सलामुद्दीन ने बिना तलाक दिए दूसरी लड़की से निकाह कर लिया। ससुराल पक्ष ने रेहाना को धक्का देकर घर से बाहर कर दिया। पुलिस अधीक्षक की शिकायत पर परिवार परामर्श केंद्र और थाना प्रभारी कोल्हुई को जांच के आदेश दिए हैं। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया की आरोपी पति सलामुद्दीन, ससुर हनीफ, सास सलीमुन, जेठ अलाउद्दीन, जेठानी, देवर नजबुद्दीन और नसीरुद्दीन व ननद साजिदा खातून के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है। संवाद