महराजगंज। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया तेजी से संचालित की जा रही है। एसआईआर के तहत जिन लोगों के माता-पिता का नाम 2003 की सूची में भी नहीं, प्रशासन उन्हें भी फार्म भरने की सलाह दे रहा है। सूची प्रकाशित होने के बाद ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा। वह मान्य 13 प्रमाणपत्रों में से कोई एक देंगे तो उनका नाम मतदाता सूची में बरकरार रहेगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाने के बाद वापस लेकर बीएलओ के स्तर से डिजिटलाइज्ड किया जा रहा है। बीएलओ स्तर से एसआईआर की जरूरी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। एडीएम ने बताया कि बीएलओ व संभ्रांत लोगों के माध्यम से फॉर्म भरने में लोगों की मदद भी दी जा रही है। पुरानी सूची देखने के लिए निर्वाचन कार्यालय में हेल्प डेस्क के साथ महराजगंजएनआईसीडाटइन पर भी लिंक उपलब्ध कराया गया है। बीएलओ के पास भी पुरानी सूची उपलब्ध है। मतदाताओं को 2003 एसआईआर से जुड़ी जानकारी के लिए दौड़भाग न करनी पड़े, इसके लिए भारत और राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी सूची अपलोड है।
बताया जा रहा है कि एसआईआर में जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, जाति प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाणपत्र, दसवीं या किसी कॉलेज का शैक्षणिक दस्तावेज, परिवार रजिस्टर नकल, जमीन या मकान के दस्तावेज और एक जुलाई 1987 से पहले जारी सरकारी पहचान पत्र या प्रमाणपत्र जैसे बैंक, पोस्ट ऑफिस, एलआईसी, सरकारी नौकरी का पहचान पत्र या पेंशन का कागज, वन अधिकार प्रमाणपत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर में से कोई एक प्रमाणपत्र जमा किया जा सकता है।