महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कमासिन खुर्द में मंगलवार को कूड़ा फेंकने को लेकर पड़ोसियों ने एक महिला और उसके बेटे-बेटी को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता सीमा देवी की नामजद तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
तहरीर के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब सात बजे पीड़िता की पुत्री सारिका ने घर का बहारन अपने दरवाजे के सामने रखा। इसी से नाराज पड़ोसी राजेंद्र, उसके बेटे राजू और पत्नी बेबी यादव ने पीड़िता और उसकी बेटी सारिका और बेटे पुरूषोत्तम को बुरी तरह से मार-पीटकर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ मार-पीट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।