महराजगंज। जिले में दो स्थानों पर जमीनों पर कब्जे को लेकर मारपीट हो गई। मामले में संज्ञान में आते ही पुलिस मारपीट करने वाले छह आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमीन पर कब्जा होने की शिकायत पीड़ितों ने कई बार अधिकारियों से किया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। हालत यह हुआ की जमीन पर कब्जा जमाने को लेकर मारपीट हो गई।
पहला मामला घुघली थाना क्षेत्र के भरवलिया में हुआ। यहां अपने हिस्से के खेत में दीवार चला रहे एक व्यक्ति पर उसके पटीदार ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में घुघली पुलिस ने केस दर्ज किया है। घुघली थाना क्षेत्र के भरवलिया निवासी मांधाता 30 ने थाने में तहरीर देकर कहा कि मंगलवार सुबह 8 बजे के करीब अपने हिस्से के खेत में मेड छोड़ कर दीवार चला रहा था। मेरे पटीदार उमाशंकर अपने तीन बेटे प्रद्युम्न, अश्वनी, फिफटी गोलबंद होकर खेत मे आये और गाली देते हुए दीवाल चलाने से रोक दिया। समझाने की कोशिश की तो मारपीट पर उतारू हो गए तथा कुदाल के बेट से प्रहार भी किया जिससे चोट लग गई तथा जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थानाध्यक्ष योगेश सिंह के अनुसार, मारपीट करने, जान से मारने के धमकी के मामले में पिता पुत्र समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
दूसरा मामला निचलौल थाना क्षेत्र के हरगांवा का है। दीवार चलाने को लेकर हुए विवाद में निचलौल पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे कार्रवाई कर रही है। निचलौल थाना क्षेत्र के हरगांवा निवासी लक्ष्मीना देवी (35) ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था की तीन मार्च को दीवार चलाने को लेकर के उनके पटीदार हरेंद्र, संगीता देवी तथा बुढाडीह निवासी विनोद ने मिलकर उनके साथ मारपीट तथा गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दिया। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश के अनुसार, लक्ष्मीना देवी के तहरीर पर उनके पटीदार हरेंद्र, संगीता देवी व विनोद के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा गालीगलौज करने के मामले में केस दर्ज हुआ है। इन दोनों मामलों में पीड़ितों ने थाने से लेकर तहसील का चक्कर लगाया, लेकिन किसी से समस्या नहीं सुनी। इस वजह से विरोधियों का मनोबल बढ़ा तो मारपीट हो गई।