महराजगंज जिले में चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव में दीपावली की रात दो पक्षों में रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई। विवाद दो समुदायों के बीच में होने के कारण पूरे गांव में पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया।
रात में ही पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष से चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। मंगलवार को दिन पुलिस ने दोनों पक्षों से दो दो लोगों को शांति भंग में चालान कर दिया गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिसकर्मी तैनात है।
जानकारी के अनुसार, छोटेलाल यादव के बेटे रामपाल का निजाम के साथ रुपये का लेनदेन चलता था। रुपये के लेनदेन को लेकर दीपावली की रात करीब आठ बजे दोनों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। रामपाल के सिर में चोट लग गई। परिजनों ने घटना की सूचना चौक पुलिस को दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित पिता से तहरीर लेकर आरोपी निजाम, फिरोज, निजाम, अलीशेर के खिलाफ गाली-गलौज करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सोमवार को दिन में पुलिस ने दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों से चार लोगों के खिलाफ शांति भंग में चालान कर दिया। विवाद दो समुदाय के बीच होने के कारण गांव में पुलिस बल तैनात है।
थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक ने बताया कि रुपये के लेनदेन का विवाद था। दोनों तरफ से रामपाल, विक्रम, फिरोज, रिजवान का शांति भंग में चालान कर दिया गया है। गांव की निगरानी की जा रही है।