चौक बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के दो सटे गांव में रहने वाले रामसेवक तथा राजेश गुप्ता के बीच पांच सौ रुपये ट्राली भाड़ा को लेकर मारपीट हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के टीकर निवासी राजेश गुप्ता सोमवार सुबह करीब आठ बजे ट्राॅली का भाड़ा लेने पड़री कला गांव के राम सेवक गुप्ता के घर पहुंचे। बातचीत के दौरान दोनों में मारपीट हो गई। स्थानीय लोगों ने बीचबचाव किया। राजेश गुप्ता घर आकर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन शिकायत लेकर राम सेवक गुप्ता के घर पहुंच गए। बातचीत के दौरान फिर मारपीट हो गई, जिसमें रामसेवक तथा उनके दो बेटे घायल हो गए। थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी मिली। तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर राजेश गुप्ता तथा उसके बेटे अभिषेक के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने व गालीगलौज करने के मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद