गैस सिलिंडर धमाके में झुलसी फातिमा की भी मौत
फरेंदा (महराजगंज)। धानी ढाला तिराहे के पास एक मकान में 13 जून की सुबह रसोई गैस सिलिंडर में हुए धमाके में गंभीर रूप से झुलसी 30 वर्षीय फातिमा की मौत शनिवार सुबह हो गई। धमाके में झुलसे चार सदस्यों की पहले ही मौत हो चुकी है। एक युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। परिवार के पांचवें सदस्य के मौत से परिजनों में मातम पसरा है।
फरेंदा थानाक्षेत्र के धानी ढाला के पास एक मकान में 13 जून की सुबह चाय बनाते वक्त रसोई गैंस सिलिंडर में हुए धमाके में एक परिवार के जमील अहमद (60), जावेद अहमद (30), निसार अहमद (38), इमराना खातून (35) , फातिमा (30) व अलमास (5) गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में जमील अहमद, जावेद अहमद, अलमास व इमराना खातून की मौत के बाद शनिवार की सुबह फातिमा की भी मौत हो गई। रोज किसी न किसी सदस्य की मौत की सूचना मिलने से परिवार के लोग सहमे हैं। प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय ने इलाज के दौरान परिवार के पांचवें सदस्य की मौत की पुष्टि की है।