सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोहट निवासी हीरा की बेटों की पिटाई से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम सोहट के नौका टोला निवासी हीरा (50) अपनी पत्नी उर्मिला देवी और दो बेटे संजय व राहुल से विगत दो वर्षों से पारिवारिक विवाद के कारण अलग रहते थे। मछली बेचकर अपना भरण पोषण करते थे। पत्नी और दो बेटे भी मजदूरी करते हैं। बृहस्पतिवार की शाम हीरा कमता गांव के चौराहे पर मछली बेच रहे थे। उसी समय उनकी पत्नी उर्मिला और दोनों पुत्र पिता के साथ विवाद करने लगे।
विवाद इतना बढ़ गया की मारपीट शुरू हो गई, जिसमें पिता गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। आसपास के कुछ लोगों ने हीरा को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के अनुसार, घटना की जानकारी है। मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।