महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम सोनचिरैया में पुश्तैनी भूमि की जोताई के विवाद में पटीदारों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एक पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
भरत शरण राय ने थाना कोल्हुई में तहरीर देकर बताया कि उनके पिता और उनके चाचा नारद राय की भूमि का अभी तक बंटवारा नहीं हुआ है। आरोप है कि 23 जून की शाम करीब पांच बजे उनके चाचा के पुत्र त्रियुगी राय विवादित भूमि पर ट्रैक्टर लेकर जुताई कराने पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पहले भूमि का बंटवारा कराने की बात कही। इस पर त्रियुगी राय तथा उनके पुत्र मारुति नंदन राय और पवन राय नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों एवं लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। शोर सुनकर उनका पुत्र अभिनंदन राय मौके पर पहुंचा तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। थानाध्यक्ष कुवंर गौरव सिंह ने बताया की तहरीर के आधार पर आरोपी त्रियुगी राय, मारूति नंदन राय, पवन राय निवासी सोनचिरैया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।