महराजगंज। उद्यान विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सुनिश्चित करें कि विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं का लाभ किसानों को समय से मिले। डीएम वीरेन्द्र कुमार सिंह ने उद्यान एवं बागवानी गोष्ठी का उद्घाटन करते हुए उक्त निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जहां-जहां किसान अच्छी औद्यानिक खेती कर रहे हंै, अन्य किसानों को वहां ले जाकर दिखाएं। ताकि उन्हें अच्छी खेती की प्रेरणा मिले।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृषि बागवानी योजना के तहत 50 किसानों को बस्ती ले जाकर प्रशिक्षण दिलाने तथा उन्नत खेती का स्थलीय प्रदर्शन दिखाने की अनुमति प्रदान की गई है। उद्यान अधिकारी सुनिश्चित करें कि इस प्रशिक्षण में जिले के सभी किसान भाग लें। प्रशिक्षण में किसानों किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर उन्होंने सब्जी और फल की खेती के लिए दस किसानों को प्रथम तथा 5-5 को द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार, प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। उन्होंने उद्यान पत्रिका का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर कृषि फार्म से आए वैज्ञानिक डा.एके सिंह ने मृदा परीक्षण तथा सह फसली खेती अपनाने पर बल दिया। नागेन्द्र पांडेय ने किसानों से वर्मी कल्चर अपनाने के लिए कहा। लीड बैंक मैनेजर एके निगम ने बैंकों की तरफ से किसानों के लिए संचालित उद्यान की योजनाओं की जानकारी दी। कृषि सलाहकार ताहिर अली ने कृषि विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
उप निदेशक कृषि एचएन सिंह ने प्रधानमंत्री फसली बीमा योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेत में फसल रहने तथा काटकर खलिहान में लाने के दिन से 14 दिन के अंदर यदि फसल का नुकसान होता है तो बीमित फसल की भरपाई बैंक करेगा। इस अवसर पर युवा कल्याण अधिकारी अजात शत्रु शाही, प्रगतिशील किसान कृष्ण मुरारी तिवारी, विभागीय अधिकारियों के अलावा काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।