समूहों से जुड़े किसान तैयार करेंगे गन्ने की पौध
- गन्ना विभाग ने जिले में स्थित चारों परिषद में छह-छह समूह गठित करने की बनाई योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। गन्ना किसानों को जिले में ही सुविधाजनक तरीके से गन्ने की पौध को उपलब्ध कराने को लेकर विभाग ने पहल प्रारंभ कर दी है। इसके तहत जिले में स्थित चारों परिषद में कुल 24 समूहों का गठन किया जाएगा। समूूहों से जुड़े गरीब जहां पौध को तैयार करेंगे, वहीं उसे बेचकर अपनी आय को भी सुधारने पर जोर देंगे।
किसानों के गन्ना उत्पादन से लेकर तौल तक आने वाली हर समस्या को विभाग द्वारा दूर कराते हुए किसानों को प्रोत्साहित किया जाता है। वसंतकालीन व भविष्य में होने वाली गन्ने की बुआई में पौध की कमी न आए, इसके लिए विभाग ने अभी से पहल प्रारंभ कर दी है। जिले में स्थित गड़ौरा, सिसवा, घुघली व फरेंदा समिति क्षेत्र में अब छह-छह समूह का गठन किया जाएगा। समूह के जिम्मेदारों को प्रशिक्षित करते हुए उन्हें गन्ने की पौध तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पौध तैयार कर वे न सिर्फ उसे बेच सकेंगे, बल्कि अपनी आय को भी बेहतर बना सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर जहां उनके आय की व्यापकता की संभावना बढ़ जाएगी, वहीं वे दूसरे लोगों को भी इस कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकेंगे। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि जिले के सभी चार परिषदों में कुल 24 समूूह को गठित करते हुए पौध तैयार कराने के साथ ही सदस्यों के आय को बढ़ाने की भी पहल होगी।
240 सदस्यों को सीधे तौर पर मिलेगा लाभ
प्रत्येक समूह में न्यूनतम 10 सदस्य होंगे। 24 समूहों के माध्यम से कुल लगभग 240 लोगों को सीधे तौर पर काम से जोड़ा जा सकेगा। ऐसे में स्थानीय स्तर पर रहकर ही किसानों को आर्थिक आय बढ़ाने का माध्यम मिलेगा। शर्त यह है कि किसानों के पास पौध उगाने के लिए खेत होना चाहिए।
विभाग द्वारा दिया जाएगा डेढ़ रुपये का अनुदान
विभाग द्वारा एक पौधे का तैयार करने के लिए किसानों को डेढ़ रुपये की दर से अनुदान दिया जाएगा। विभाग अनुदान की यह धनराशि किसानों के खाते में भेजेगा। जिम्मेदारों की मानें तो एक पौध न्यूनतम तीन रुपये में बेची जाती है।