घंटों इंतजार के बाद केंद्र से मायूस होकर लौट रहे दर्जनों किसान
धानी बाजार। धानी बाजार स्थित राजकीय बीज भंडार केंद्र से रबी फसल की बुआई के लिए घंटों इंतजार के बाद भी किसानों को अनुदानित गेहूं का बीज नहीं मिल रहा है। बीज वितरण की मौजूदा व्यवस्था के कारण किसानों को काफी परेशानी हो रही है।
राजकीय बीज भंडार से अब उन्हीं किसानों को अनुदानित गेंहू के बीज मिलेंगे जिन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। बावजूद इसके धानी बाजार स्थित राजकीय बीज भंडार केंद्र से प्रतिदिन दर्जनों रजिस्ट्रेशन करा चुके किसान बिना बीज लिए लौट रहे हैं। मंगलवार को हरदत्त पासवान, शैलेंद्र सिंह, राजेश सिंह, हरीश्चंद यादव, चिंकू सहानी, नरसिंह, अंगद व अन्य ने बताया कि सोमवार को घंटों इंतजार के बाद जब नंबर आया तो केंद्र के कर्मचारी ने बताया कि आप लोगों का अंगूठा नहीं लगने के कारण पीएम पोर्टल पर आपकी खतौनी में दर्ज रकबा शो नहीं कर रहा है। इसलिए आप लोगों को बीज नहीं मिल पाएगा। किसानों ने आरोप लगाया है कि विभाग की लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। इसके अलावा जिन किसानों का पीएम सम्मान निधि पोर्टल पर दर्ज रकबा खतौनी के दर्ज रकबे से कम है उन्हें दर्ज रकबे के हिसाब से ही बीज दिया जा रहा है। जोत के हिसाब से बीज की मात्रा नहीं मिलने से भी किसानों को दिक्कत हो रही है।
उप निदेशक कृषि महराजगंज संजीव कुमार पटेल का कहना है कि जिन किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन है और बीज नहीं मिल रहा है, ऐसे सभी किसान अपनी खतौनी, आधार और मोबाइल नंबर के साथ जिला मुख्यालय स्थित कृषि विभाग कार्यालय आएं। सत्यापन के बाद उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।