महराजगंज। प्रदेश में सर्वर डाउन होने के कारण सोमवार को खाद का वितरण नहीं हो सका। इसके चलते किसान दिनभर परेशान रहे। वहीं, निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम टिकुलाहिया स्थित सहकारी समिति के सचिव पर ग्रामसभा परगपुर, कुमारीशती, सिरौली व टिकुलिया के किसानों ने लापरवाही का आरोप लगाया। खाद वितरण न होने के कारण किसानों ने पहले समिति पर हंगामा किया। इसके बाद तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
किसान सर्वेश गुप्ता, रामू, सुरेंद्र पटेल, सुदामा, सच्चिदानंद, भोला, हेमराज, अरविंद, ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब पांच बजे से ही खाद लेने के लिए समिति पर कतार में खड़े थे।
सुबह से खाद की गाड़ी से उर्वरक उतारा जा रहा था। इस दौरान समिति के नामित सचिव जितेंद्र मिश्रा ने किसानों की पासबुक जमा कर लिया। आरोप है कि करीब 11 बजे सचिव ने सर्वर डाउन होने की बात कही और समिति बंदकर चले गए। इससे किसान भड़क गए।
किसान बृजेश यादव, मनीष पटेल, वीरेंद्र कुशवाहा, छविलाल, मनोज शर्मा, संजय कसौधन, रामानंद सहित अन्य का आरोप है कि पिछले करीब एक माह से जैविक उर्वरक वितरण को लेकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि सचिव द्वारा आए दिन किसानों से अभद्रता किया जाता है। खाद उपलब्ध होने के बावजूद वितरण नहीं किया जा रहा है। इससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है।
गुस्साए किसान तहसील परिसर पहुंच गए और प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने किसानों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया शांत कराया ।
इस मामले में एडीओ कोऑपरेटिव साकेत बिहारी पटेल ने बताया कि मामले में जानकारी मिलने पर समिति पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि टिकूलहिया साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण करने के लिए सोमवार, बृहस्पतिवार व शनिवार का दिन निर्धारित है।
सोमवार को नेटवर्क नहीं रहने पर खाद वितरण में दिक्कत हुई है। किसान को खाद देने से वंचित नहीं किया जाएगा।