निचलौल। आवास योजना के ढाई लाख रुपये का चेक दिखाकर किसान से एक लाख रुपये की टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को निचलौल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2500 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक के दो चेक, एक मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर बाइक बरामद हुई है। तीनों आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रहने वाले हैं। निचलौल थाना क्षेत्र के पतौना गांव निवासी दशरथ सिंह ने 14 अक्तूबर को एसबीआई की निचलौल शाखा से निजी काम के लिए एक लाख रुपये निकाले थे। घर लौटते समय कटरा चौराहे के पास तीन लोगों ने उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने ढाई लाख रुपये का चेक दिखाया और खाता चालू कराने के नाम पर उनसे एक लाख रुपये ले लिए। इसके बदले उन्हें दो लाख रुपये का कूटरचित चेक थमा दिया। काफी देर तक आरोपियों के वापस नहीं लौटने पर किसान को ठगी का एहसास हुआ। घटना के बाद सदमे में उनकी तबीयत भी बिगड़ गई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीओ निचलौल रविंद्र कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के नेतृत्व में थाना पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस सेल की टीम ने जांच की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को टिकुलहिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के पटखौली थाना क्षेत्र के सुखवन निवासी कृष्णा श्रीवास्तव, भैरूगंज थाना क्षेत्र के जुड़ापड़ी निवासी संजय पटेल और पटखौली थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी मंगल यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है। घुघली थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।