फरेंदा। क्षेत्र के फरेंदा बुजुर्ग में क्षेत्र वासियों को शुद्ध जल मुहैया कराने के लिए जल निगम की ओर से बनाई गई पानी की टंकी बेमतलब साबित हो रही है।
यहां पर तीन महीने से लीकेज के कारण सप्लाई बाधित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की, लेकिन समाधान नहीं हो सका।
फरेंदा क्षेत्र के फरेंदा बुजुर्ग में वाटर हेड टैंक करीब 10 वर्ष पूर्व बना था। जिसकी आपूर्ति तिलंगपुरवा, गुजरपुरवा, जुगुलपुर, भैया फरेंदा, महुअवां व हरदत्तपुर, चौराहे सहित कुल 8 किलोमीटर में किया गया था। सप्लाई के लिए लगाई गई पाइप दोयम दर्जे की होने के कारण आपूर्ति ठीक ढंग से नहीं मिल रही है।
साथ गर्मी के मौसम में लोगों को शुद्ध पेयजल भी नहीं मिल पा रहा है। जगह-जगह लिकेज की समस्या के कारण आपूर्ति तीन महीने से बाधित है। क्षेत्र के महेश, महेंद्र, सरस्वती, विद्रावती सहित तमाम लोगों ने बताया कि शासन की मंशा पर विभागीय अधिकारी पानी फेरने में जुटे हैं।
ग्रामीण पानी भी खरीद कर पीने को विवश हैं। लोगों ने बताया कि आपूर्ति के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से कहा गया, लेकिन समाधान नहीं हो सका।