महराजगंज। परिवहन विभाग जुर्माना, चालान व सुविधा के लिए अन्य जानकारियां सीधे आरसी व डीएल धारकों के मोबाइल नंबर पर भेज रहा है। बावजूद इसके जनपद में 12,689 डीएल और 1307 वाहन आरसी धारकों के दर्ज मोबाइल नंबर गलत होने के चलते विभागीय सूचना उन तक नहीं पहुंच रही है।
परिवहन विभाग की ओर से भेजे जा रहे मैसेज पर संदेह जाने के बाद ‘सीनकॉपी’ यानी देखा गया की रिपोर्ट नहीं मिल रही है। इससे स्पष्ट है कि संबंधित के मोबाइल नंबर या तो बंद हैं या गलत दर्ज हैं। ऐसे में चालान, लाइसेंस नवीनीकरण, फिटनेस और अन्य जरूरी अलर्ट धारकों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और लोग अनजाने में जुर्माने का शिकार हो रहे हैं।
एआरटीओ कार्यालय ने इन सभी को अपना मोबाइल नंबर सारथी और वाहन पोर्टल पर अपडेट कराने की मुहिम तेज कर दी है। विभाग ने इसके लिए आरटीओ कार्यालय में जाए बिना ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। धारकों को अपना मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए महज क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। क्यूआर स्कैन करते ही पोर्टल का पेज खुलेगा, जहां वे अपना नया नंबर अपडेट कर सकते हैं।
बोले अधिकारी
ड्राइविंग लाइसेंस धारकों और पंजीकृत वाहन मालिक सारथी पोर्टल पर अवश्य अपडेट करवा लें। इससे यह सुनिश्चित होगा कि उनका विवरण पूर्ण, सटीक है। विभाग की सभी सेवाओं का लाभ उन्हें सीधे मोबाइल पर मिल सकेगा।
- मनोज कुमार सिंहए एआरटीओ