पात्र किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचे। जिन सामग्री और उपकरणों में छूट है उसे अंकित करें। यह निर्देश कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह ने विभागीय अधिकारियों को दिए। कहा कि मृदा परीक्षण के लिए सुविधा बढ़ाई जाएगी तथा सूक्ष्म तत्वों के जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
रविवार को पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले में राधेश्याम सिंह विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। कहा कि गत वर्ष प्राकृतिक आपदा से फसलों को काफी क्षति हुई है। इस लिए सभी प्रकार के कृषि निवेशों, खाद, पानी, कीटनाशक आदि समय से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जिले में किसानों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर संतोष जताया। बीज अनुदान, कृषि यंत्रों के अनुसार वितरण की स्थिति की समीक्षा की। कहा कि बागापार में चारों तरफ से बाड़ लगाई जाएगी ताकि जंगली जानवरों से सुरक्षा हो सके। बागापार तथा नटवा कृषि फार्म पर जल निगम से एक-एक बोंरिग कराई जाएगी। राज्यमंत्री ने कहा कि बहुत ऐसे किसान हैं जिनको पता ही नहीं किन चीजों पर सरकार की ओर से छूट मिल रही है।
किसान सेवा केंद्र पर छूट के मानक अंकित कराएं ताकि किसान पढ़ सकें। अधिकारियों के बताने पर कि परतावल में बीज गोदाम पर पुलिस वालों का कब्जा है। इस पर मंत्री ने एसपी को फोन कर वहां से हटाने की बात कही।
जिले में एक भी खाद रैक न होने की बात पर कहा कि वे चिट्टी लिखकर रैक खोलवाएंगे। जिले में एक भी कृषि विद्यालय न होने की बात पर राज्य मंत्री ने कहा कि जिले में कृषि महाविद्यालय खोला जाएगा।बैठक में उपनिदेशक कृषि एचएन सिंह, जिला कृषि अधिकारी प्यारेलाल, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. अवधेश तथा कृषि रक्षा अधिकारी जेके कृष्ण उपस्थित रहे।