सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सोनौली से लेकर नेपाल के भैरहवा तक दोनों तरफ मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। भारतीय क्षेत्र में ट्रकों की कतार पांच किलोमीटर से अधिक पहुंच गई है।
जाम से राहत दिलाने के लिए रविवार को सीमा तीन घंटे अतिरिक्त खोली गई थी। इससे नेपाल की तरफ करीब चार किलोमीटर तक वाहनों का दबाव कम हुआ। इसके बावजूद जाम की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। इसे देखते हुए सोमवार को भी सीमा तीन घंटे अतिरिक्त खोला गया। इस दौरान भारत से नेपाल और नेपाल से भारत, दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन का संचालन होना है।
कस्बे में एक तरफ स्थानीय लोगों का आवागमन, दूसरी तरफ पर्यटक वाहनों की आवाजाही और मालवाहक ट्रकों का दबाव होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई बार छोटे वाहनों के बीच फंसने से बड़े ट्रकों को काफी देर तक रुकना पड़ता है। दिन के समय ट्रकों की आवाजाही प्रभावित होने से कतार लगातार लंबी होती जाती है। इससे सोनौली सीमा से भारत से निर्यात प्रभावित हुआ है।
सोनौली में जाम की वजह है अतिक्रमण
सोनौली कस्बे में जाम की प्रमुख वजह सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात है। पटरियों पर कब्जे के साथ ठेले, कार और बाइक आधी सड़क तक खड़े रहते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और बड़े मालवाहक ट्रकों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। नेपाल से बाजार में आने वाले लोगों के वाहन और सवारी गाड़ियों का ठहराव भी रास्ते को संकरा कर देता है। वहीं पर्यटक वाहनों की लगातार आवाजाही से स्थिति और जटिल हो जाती है।
बोले अधिकारी
रविवार को तीन घंटे अतिरिक्त सीमा खुलने से नेपाल की तरफ करीब चार किलोमीटर तक जाम कम हुआ है। सोमवार को भी अतिरिक्त तीन घंटे सीमा संचालन से दोनों देशों के बीच वाहनों की निकासी पर सहमति बनी। इससे जाम का दबाव कुछ कम हुआ है।
- बसंत कुमार सिंह, सीओ, नौतनवा