निचलौल। घनी आबादी के बीच कॉस्मेटिक की दुकान की आड़ में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया था। सोमवार को प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने कोर्ट मोहल्ले में छापा मार कर पटाखों का जखीरा बरामद किया। दो मंजिला मकान में करीब एक घंटे तक चली तलाशी के दौरान पिकअप वाहन भरकर पटाखे मिले। टीम ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को अधिकारियों को निचलौल नगर के कोर्ट मोहल्ले में एक कॉस्मेटिक की दुकान में अवैध पटाखे रखे होने की सूचना मिली। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी के नेतृत्व में तहसील और पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल दुकान और उससे जुड़े दो मंजिला मकान में छापेमारी की। करीब एक घंटे तक चली तलाशी में बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। इन्हें पिकअप वाहन में भरकर जब्त किया गया। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गई।
एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बिना अनुमति कहीं भी पटाखों का भंडारण और बिक्री नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए पुलिस और तहसील प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। देर शाम तक पटाखों की गिनती कराई जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अमित कुमार सिंह, उप निरीक्षक संजय यादव, अमित विश्वकर्मा, रजनीश सिंह, विवेक राव और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं। बरामद पटाखों और आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए निचलौल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
जनपद में होती रही है दुर्घटना
केस-1
25 अक्तूबर 2021 को पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में पटाखा बनाते समय हुए विस्फोट में 8 लोगों की मृत्यु हो गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के कारण ढह गए मकान के मलबे में काफी कठिनाइयों के बाद जेसीबी मशीन से घायलों को बाहर निकाला गया। इसमें छह लोगों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायलों की मृत्यु गोरखपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हो गई। मृतकों में 3 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे शामिल थे।
केस-2
बाइक से पटाखा ले जाते समय हुआ था विस्फोट
वर्ष 2023 में कोल्हुई थाना क्षेत्र के बृजमनगंज रोड पर दो बाइक सवार पटाखा लेकर जा रहे थे। टैक्सी स्टैंड के निकट पहुंचे बाइक पर लदा पटाखा अपने आप ब्लास्ट हो गया। घटना में चार राहगीर और दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पटाखा विस्फोट का पूरा वाकया सीसीटीवी में कैद हो गया था। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार पिता-पुत्र समेत कुल 6 लोग घायल हो गए।
-
लाखों के पटाखे हुए थे बरामद
नौतनवा। बीते 17 सितंबर को कस्बे में गायत्री मंदिर के निकट राजाबाबू ट्रांसपोर्ट पर प्रशासन ने छापेमारी कर एक ट्रक से कुल 70 कार्टून में रखे लाखों रुपये के पटाखों का जखीरा बरामद किया था। ट्रक समेत पटाखों की खेप को जब्त कर ट्रक चालक राकेश दुबे निवासी दुबौली थाना मदनपुर जनपद देवरिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसी तरह 28 अक्तूबर को भी नगर के सरोजनी नगर वार्ड स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच बोरी पटाखों का जखीरा बरामद कर उसे जब्त कर लिया। बरामदगी के बाद पटाखा स्वामी मनोज जायसवाल निवासी कस्बा नौतनवा के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कानूनी कार्रवाई की गई।