स्वास्थ्य विभाग की टीम से स्पष्टीकरण तलब
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। एसीएमओ डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बुधवार को सुभाष नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कम बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने संबंधित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) टीम से स्पष्टीकरण तलब किया है।
उन्होंने बताया कि सुभाष नगर आंगनबाड़ी केंद्र की जांच के दौरान 27 बच्चे पंजीकृत मिले लेकिन इनमें से 12 बच्चों का ही स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने की बात सामने आई। यह स्थिति संतोषजनक नहीं है। दायित्व निर्वहन में लापरवाही मिलने पर संबंधित टीम से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रामपुर बुजुर्ग गांव के पंचायत भवन के टीकाकरण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। यहां बताया गया कि एएनएम ने तीन बच्चों का टीकाकरण किया है। परतावल प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम सभा पिपरा खादर टोला बेलहिया में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुनीता पटेल ने टीकाकरण कार्य का जायजा लिया। संचारी रोग नियंत्रण के तहत आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की जानकारी ली गई। इस दौरान साफ-सफाई का भी जायजा लिया। चौपरिया अहिरौली और पिपरा खादर में भ्रमण कर नौ नवजात शिशुओं के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान अंबिका, मीना देवी, नर्वदा आदि मौजूद रहीं।