कार्य बहिष्कार कर शिक्षकों ने दिया धरना
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा (महराजगंज)। उप्र विश्वविद्यालय व महाविद्यालय शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार कर सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री पीजी काॅलेज आनंदनगर में धरना दिया। प्रदर्शन में शामिल शिक्षक काली पट्टी भी बांधे हुए थे।
विश्वविद्यालय शिक्षक इकाई संघ ने सरकार पर उनकी मांगों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैये अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 24 मांगें पूरी करने के लिए लंबे समय से आंदोलनरत हैं। प्रमुख मांगों में सातवें वेतनमान की संस्तुतियों को लागू करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने, प्रोनन्ति में पुरानी व्यवस्था बहाल करने सहित कई अन्य मांगें शामिल हैं। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि मांगों के प्रति अविलंब सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। डॉ. किरन सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षकों की मांगों के प्रति उदासीनता रवैया अपनाए हुए है। जिसको लेकर काफी निराशा है। डॉ. राम पांडेय ने कहा कि शिक्षकों के हितों को लेकर विरोध - प्रदर्शन होता रहेगा। उन्होंने मांगें पूरी करने की मांग की। इस दौरान डॉ. संजय पांडेय, डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा, तृप्ति त्रिपाठी,डॉ. शिव प्रताप सिंह, डॉ. अनीता सहित कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे।