एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर दिया निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम की व्यवस्था का लिया जायजा
महराजगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम का जायजा लिया। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी कैमरों की लाइव कार्यक्षमता, रिकॉर्डिंग की गुणवत्ता, फीड की उपलब्धता, निर्बाध प्रसारण, तकनीकी खराबी की संभावना, बैकअप व्यवस्था, स्टोरेज स्थिति और परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वार, गलियारों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों की पर्याप्त कवरेज पर ध्यान दिया।
पुलिस अधीक्षक ने तकनीकी टीम से चर्चा कर यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा के दौरान कोई तकनीकी व्यवधान न हो और हर गतिविधि की रियल-टाइम निगरानी एवं रिकॉर्डिंग पूरी तरह सुचारु रहे। निरीक्षण के दौरान एसपी सोमेन्द्र मीणा ने परीक्षा हॉल, प्रवेश द्वार, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरणों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।
अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या गड़बड़ी की कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा।